राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर फाइनल में पहुंची ललिता बाबर
(India)

लंबी दूरी की धाविका ललिता बाबर ने रियो ओलंपिक में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में आज यहां राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर फाइनल के लिये क्वालीफाइ करके भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रचा। इंचियोन एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली ललिता हीट दो में नौ मिनट 19.76 सेकेंड का समय निकालकर चैथे स्थान पर रही। वह ओवरआल सूची में सातवें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। वह ट्रैक स्पर्धाओं में पीटी उषा के बाद फाइनल के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गयी हैं। इस 27 वर्षीय एथलीट ने सात सेकेंड के अंतर से अपनी साथी सुधा सिंह का राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने मई में शंघाई में नौ मिनट 26.76 सेकेंड का समय निकाला था। सुधा हीट तीन में नौ मिनट 43.29 सेकेंड का समय लेकर नौवें स्थान पर रही और इस तरह से क्वालीफाई करने से चूक गयी। वह 52 खिलाड़ियों के बीच कुल 30वें स्थान पर रही। ललिता ने हीट दो में अच्छी शुरुआत की और बीच में गिरने के बावजूद वह आधी रेस तक बढ़त पर थी लेकिन 2500 मीटर के बाद उनकी गति धीमी पड़ गई। कीनिया की बीटराइस चेपकोच, अमेरिका की एम्मा कोबर्न और ट्यूनीशिया की हबीबा घिरीबी उनसे आगे निकल गयी। ललिता काफी थकी हुई लग रही थी और शीर्ष तीन में जगह बनाने में नाकाम रही।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।