दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक चैम्पियन एंडी मरे को जापान के केई निशिकोरी के हाथों यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ मरे मेंस सिंगल्स से बाहर हो गए। वहीं अमेरिकी खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने अपने रिकॉर्ड 23वें ग्रैंड स्लैम की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मेंस सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में निशिकोरी ने दूसरी सीड मरे को पांच सेटों के कड़े संघर्ष के बाद 1-6, 6-4, 4-6, 6-1, 7-5 से काबू करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। साल 2014 में यूएस ओपन के उपविजेता रहे निशिकोरी ने पांचवें सेट के 11वें गेम में मरे की सर्विस ब्रेक की और सर्व के साथ जीत अपने नाम की। वहीं महिला सिंगल्स में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना ने सिमोना हालेप के खिलाफ तीन सेटों के कड़े मुकाबले में 6-2, 4-6, 6-3 से जीत दर्ज कर अंतिम चार में प्रवेश किया। पांचवीं सीड रोमानियाई खिलाड़ी मौजूदा टूर्नामेंट में पहली ऐसी खिलाड़ी रहीं जिन्होंने सेरेना से सेट जीता। लेकिन आखिरकार वह 34 वर्षीय शीर्ष वरीय खिलाड़ी को जीत से नहीं रोक सकीं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।