‘जो समाजवादी नहीं वो मुलायमवादी भी नहीं हो सकते’
(India)
समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा है कि कुछ ऐसे लोग हैं जो पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का पार्टी से कोई लगाव नहीं है। अमर सिंह का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि जो समाजवादी नहीं वो मुलायमवादी भी नहीं हो सकते। रामगोपाल यादव लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। अखिलेश और रामगोपाल यादव के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बिना पूछे प्रदेश अध्यक्ष पद से नहीं हटाया जाना चाहिए था। रामगोपाल यादव ने साफ किया कि गतिरोध दूर करने के लिए मुलायम सिंह यादव जल्द ही अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश और मुलायम सिंह की मुलाकात से ही बात बनेगी। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव ने भाई रामगोपाल यादव को अखिलेश से बात करने के लिए लखनऊ भेजा था। रामगोपाल यादव ने कहा कि कुछ लोग नेताजी के सीधेपन का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति पार्टी का नुकसान करने में लगा है। पार्टी महासचिव ने कहा, पार्टियां नीतियां तय करती है जिस पर सरकार अमल करती है। जब उनसे पत्रकारों ने पूछा कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि आपकी साइकिल पंक्चर हो गई है तो रामगोपाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी खटिया लुट गई हो वो क्या बोलेंगे। इससे पहले कल दिल्ली में शिवपाल यादव ने बेटे आदित्य के साथ मुलायम सिंह यादव के साथ मुलाकात की थी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।