अरविंद केजरीवाल ने की सुषमा स्वराज के भाषण की प्रशंसा
(India)
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर और आतंकवाद पर पाकिस्तान को करारा जवाब देने पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने तारीफ की है, वहीं आम आदमी पार्टी ने उनके भाषण को भारतीय गौरव की निर्भीक आवाज करार दिया है। केजरीवाल ने कहा, सुषमा जी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के दृष्टिकोण को बखूबी रखा है। उन्हें बधाई। आप नेता कुमार विश्वास ने उनके भाषण को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने पाकिस्तान के गलत प्रचार को अलग-थलग करने में इसे करारा जवाब बताया। उन्होंने स्वराज को भारतीय सिंहनी की संज्ञा दी। सुषमा को भारतीय राजनीति में सबसे उम्दा वक्ताओं में से एक बताते हुए विश्वास ने उनकी प्रशंसा में कहा कि उन्होंने पहले से लिखित अंग्रेजी का भाषण देने के बजाय अपना भाषण बिना किसी पूर्व तैयारी के हिंदी में दिया। गौरतलब है कि स्वराज ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में आतंकवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवाधिकार का सबसे बड़ा उल्लंघन है। नवाज शरीफ के यूएन में दिए गए बयान का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भारत में मानवाधिकार का उल्लंघन होता है तो वह उनसे ये ही कहना चाहेंगी कि जिनके अपने घर शीशे के हों, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।