विजयादशमी के दिन भारत ने इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे एवं अंतिम टेस्ट मैच के चैथे दिन मंगलवार को मेहमान टीम न्यूजीलैंड को 321 रनों से मात दे दी। इसी के साथ भारत ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने कीवी टीम को चैथी पारी में 475 रनों का लक्ष्य दिया था। लेकिन कीवी टीम इस विशाल स्कोर के सामने पूरा एक सत्र भी नहीं खेल सकी और महज 44.5 ओवरों में 153 रनों पर ही ढेर हो गई। सीरीज में 27 विकेट लेने वाले आर अश्विन को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला। पहली पारी में छह विकेट लेने वाले रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी पारी में भी सात विकेट अपने नाम किए, जबकि रवींद्र जडेजा को दो विकेट मिले। उमेश यादव ने एक विकेट लिया। न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में रॉस टेलर ने सर्वाधिक 32 रनों का योगदान दिया। इससे पहले भारत ने कोहली (211) और अजिंक्य रहाणे (188) की मदद से पांच विकेट पर 557 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी, जिसके जवाब में कीवी टीम अपनी पहली पारी में महज 299 रन बना सकी। भारतीय कप्तान ने हालांकि किवी टीम को फॉलोआन खेलने का निमंत्रण नहीं दिया। भारत ने अपनी चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 101) और सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (50) की पारियों की मदद से दूसरी पारी तीन विकेट के नुकसान पर 216 रनों पर घोषित कर दी थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।