बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने सोमवार को लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में गाजीपुर रैली को फ्लाप बताते हुए भाजपा पर रैली के मार्फत काले धन को सफेद करने का आरोप लगाया। मायावती ने प्रधानमंत्री की नोटों की माला वाली टिप्पणी पर कहा कि दलित की बेटी नोटों की माला पहने, ये उन्हें हजम नहीं होता। मोदी खुद गिरेबान में झांकें कि कितने दूध के धुले हैं। पीएम की कुर्सी पर बैठकर ऐसी बात कर रहे हैं जो अशोभनीय व निन्दनीय है। भाजपा नेता नोट की माला पहने तो कोई बात नहीं। दलित की बेटी पहनें यह मोदी को हजम नहीं जबकि बसपा के लोग काली कमाई के नोट से नहीं बल्कि खून पसीने की कमाई के नोटों की माला पहना कर नेता का स्वागत करते हैं। ये किसी से छिपा नहीं है। बसपा अध्यक्ष ने कहा कि आलोचना विचारधारा के आधार पर होनी चाहिए लेकिन भाजपा व प्रधानमंत्री को जब उनके खिलाफ कुछ नहीं मिलता तो व्यक्तिगत आरोप लगाते हैं। मायावती ने कहा कि रैली बुरी तरह फ्लाप रही। भारी मात्रा में काला धन इस रैली के जरिए खपाया गया। लोगों को ढाई -ढाई सौ रुपये देकर बुलाया गया। रेल व बसों का किराया नहीं लिया गया। लोग बिहार से लाए गए। प्रधानमंत्री का भाषण थोथा चना बाजे घना की तरह था। मोदी बताएं पूर्वांचल के विकास के लिए क्या किया ? पूर्वांचल की जनता अलग राज्य बनाना चाहती है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।