मोदी केवल टीआरपी की राजनीति में दिलचस्पी रखते हैं-राहुल
(India)
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोनिया गांधी की अनुपस्थिति में कांग्रेस संसदीय दल के बैठक की अध्यक्षता की। पहली बार कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षता कर रहे राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने सीपीपी बैठक में कहा, मोदी अपनी छवि में बंधे हुये हैं और केवल टीआरपी की राजनीति में दिलचस्पी रखते हैं। राहुल गांधी ने नोटबंदी पर पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, सारी नकदी काला धन नहीं है और सारा काला धन नकदी में नहीं है, प्रधानमंत्री भारत की नकदी आधारित अर्थव्यवस्था और काला धन आधारित अर्थव्यवस्था में भ्रमित हो गए हैं। जम्मू के नगरोटा में सेना के शिविर पर हुए हमले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश में सुरक्षा इंतजाम नाकाफी है। सुरक्षा में हुई चूक को लेकर सरकार को माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर में सत्तारुढ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन एक अवसरवादी गठजोड़ है और प्रधानमंत्री कश्मीर के मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं।

बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भारत को ऐसा प्रधानमंत्री नहीं दिया जिसकी पूरी राजनीति टीआरपी पर आधारित हो। पाकिस्तान द्वारा एलओसी पर की जा रही कार्यवाही पर राहुल ने कहा कि पाकिस्तान के मुद्दे पर सरकार ने खुद को विचित्र स्थिति में डाल लिया है और उनकी नीति पूरी तरह से असफल रही है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।