नोटबंदी के फैसले के कारण पैसे की कमी से जूझ रहे आम आदमी की नाराजगी को कम करने के लिए बीजेपी ने लड्डू बांटने की योजना बनाई है। इसके तहत पार्टी ने दिल्ली में अपने कार्यकर्ताओं से हर घर में एक लड्डू देने को कहा है। हालांकि माइक्रो ब्लागिंग साइट ट्विटर पर बीजेपी के इस फैसले को लेकर मजाक बनाया जा रहा है। ट्विटर यूजर्स ने लड्डू खाओ भाजपा भगाओ हैशटेग से फनी कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा- “बीजेपी ने लाइन में खड़े हर एक शख्स को एक लड्डू देने का फैसला किया है। मित्रों ये मोतीचूर के लड्डे नहीं मोदीचोर के लड्डे हैं।” तनवी नाम की एक अन्य यूजर ने लिखा- “नोटबंदी के लड्डू शादी के लड्डू से भी ज्यादा बुरे हैं।” कुछ और यूजर्स ने भी इसी तरह के मजेदार कमेंट्स किए हैं। दरअसल दिल्ली बीजेपी ने एटीएम की लाइन में खड़े लोगों को लड्डू देने की योजना बनाई थी। बीजेपी इसके जरिए एटीएम की लाइन में खड़े लोगों के धैर्य के लिए उनका आभार जताना चाहती है। इस फैसले की पुष्टि करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काले धने से मुकाबले के लिए यह क्रांतिकारी कदम उठाया है। कुछ परेशानियां झेलने के बावजूद लोगों ने इस फैसले का समर्थन किया है। अब हमारी बारी है कि हम उनके संयम का आभार जताएं।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एक जनवरी से प्रत्येक घर में मिठाई बांटने के लिए जाने को कहा है। यह काम 10 जनवरी तक किया जाएगा।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।