मनोज तिवारी लड्डू बांटकर गरीबों के साथ कर रहे हैं भद्दा मजाक-आप
(India)
आम आदमी पार्टी ने नोटबंदी पर लड्डू बांटकर फीडबैक लेने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पर निशाना साधा है। पार्टी का कहना है कि नोटबंदी के बाद चार लाख पूर्वांचल के लोग दिल्ली से पलायन करने पर मजबूर हो गए हैं। ऐसा करके तिवारी उनके साथ भद्दा मजाक कर रहे हैं। ‘आप’ विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी ने बुधवार को कहा कि नोटबंदी की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से आने वाला बड़ा तबका अब बेरोजगार हो गया है। रोजी रोटी छीन जाने के बाद चार लाख से ज्यादा लोग भूखे पेट गांव लौटने को मजबूर हैं। वहीं, भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पूवांर्चली लोगों की नौकरियां छिनने का मजाक लड्डू बांटकर उड़ा रहे हैं। मनोज तिवारी आज जिस मुकाम पर हैं, वह हमारे पूर्वांचली भाई-बहनों की वजह से ही हैं। उनकी कीमती शालों और महंगी कारों का खर्च पेटीएम और रिलायंस वाले नहीं उठाते, इनका खर्च गरीब पूवांर्चली ही उठाता है जो दो सौ रुपये का मनी आर्डर अपने घर करता है और बीस रुपये बचाकर मनोज तिवारी का कैसेट लेता था। विधायक वंदना कुमारी ने कहा तिवारी पूवांर्चल के लोगों की मजबूरी का मजाक उड़ा रहे हैं। वे लोगों को बताएं कि उन्होंने किस खुशी के चलते लड्डू बांटे हैं। जनकपुरी से विधायक राजेश रिषी ने कहा कि आज देश का मेहनतकश इंसान भूखा मरने को मजबूर है, क्योंकि उसके पास कामधंधा नहीं है। ऐसे में उन लोगों का सहारा बनने की बजाए दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष उनका उपहास करने में लगे हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।