करुणानिधि अस्पताल में भर्ती
(India)
द्रमुक अध्यक्ष एम करुणानिधि ने शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में सांस लेने में तकलीफ के कारण ट्रेकोस्टोमी कराई और उनकी हालत स्थिर है। गले और फेफड़े में संक्रमण के कारण सांस लेने में तकलीफ के चलते गुरुवार देर रात 92 वर्षीय नेता को कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कावेरी अस्पताल के कार्यकारी निदेशक डॉक्टर एस. अरविंदन ने कहा कि सांस लेने में तकलीफ के कारण उनकी ट्रेकोस्टोमी की गई है। उन्होंने बताया, करुणानिधि की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री को एंटीबायटिक दवाएं दी जा रही हैं और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। इस बीच अस्पताल में पार्टी प्रमुख के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं की भीड़ लगी रही। एक सप्ताह तक संक्रमण के उपचार के बाद करुणानिधि को सात दिसंबर को अस्पताल से छुट्टी मिली थी लेकिन करीब सात दिन बाद ही उन्हें एक बार फिर से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इससे पहले 25 अक्तूबर को द्रमुक ने करुणानिधि को एक दवा से संक्रमण होने की जानकारी दी थी, जिसका वह सामान्यतौर पर सेवन कर रहे थे। पार्टी ने वक्तव्य में कहा था कि डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें आराम की सलाह दी गई है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।