आज ‘साइकिल’ पर अपनी दावेदारी जताएंगे अखिलेश
(India)
सपा में जारी लड़ाई सोमवार को लखनऊ से दिल्ली पहुंच गई। पार्टी के चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ पर अपनी दावेदारी जताते हुए मुलायम सिंह यादव ने चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया। उनके बाद अखिलेश यादव का खेमा मंगलवार को सुबह साढे 11 बजे चुनाव आयोग पहुंचेगा। अखिलेश खेमे की ओर से रामगोपाल यादव, नरेश अग्रवाल और किरण नंदा के चुनाव आयोग जाने की खबर है। वह सपा के चुनाव चिह्न साइकिल पर अपनी दावेदारी पेश करेंगे। साथ ही वे रविवार को लखनऊ में रविवार को हुए अधिवेशन में लिए गए फैसलों से अवगत कराएंगे। ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि अगर साइकिल चुनाव चिह्न पर कोई पेंच फंसता है तो अखिलेश खेमा मोटरसाइकिल को चुनाव चिह्न के तौर पर लेने का विचार कर सकता है। इससे पहले मुलायम ने सोमवार को दिल्ली में अपने घर पर अमर सिंह, शिवपाल यादव के साथ लंबी बैठक की। इसके बाद सभी एक साथ चुनाव आयोग गए। चुनाव आयुक्त से मुलाकात के वक्त इन तीनों के साथ जयाप्रदा भी मौजूद थीं। चुनाव आयुक्त के साथ करीब चालीस मिनट की मुलाकात के बाद मुलायम और शिवपाल बिना कुछ बोले घर के लिए निकल गए। इससे पहले मुलायम ने 5 जनवरी को बुलाए गए राष्ट्रीय अधिवेशन को रद्द कर दिया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।