समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने मंगलवार को यूपी चुनाव के बाद नई पार्टी बनाने की बात की। उन्होंने इटावा में बोलते हुए कहा, 11 मार्च को नतीजे आएंगे, उसके बाद हम पार्टी बनाएंगे। शिवपाल ने जसवंतनगर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद नुमाइश पंडाल में आयोजित जनसभा में यह ऐलान किया। शिवपाल यादव ने कहा कि जो चाहे मुझसे ले लो लेकिन नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते। मरते दम तक नेताजी के साथ रहेंगे और उनका आदेश मानेंगे। उन्होंने कहा कि मेहरबानी हो गई कि टिकट दे दिया नहीं तो फिर निर्दलीय ही चुनाव लड़ना पड़ता। शिवपाल यादव ने कहा कि अभी हमने पर्चा भर दिया है। कल तक बहुत सी अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन हमने साईकिल और सपा से पर्चा भर दिया है। शिवपाल ने मुलायम सिंह यादव के बारे में भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज हम जो भी हैं, नेताजी की वजह से ही हैं। इसके अलावा बहुत से लोगों ने कहा कि वो जो कुछ भी हैं, नेताजी की वजह से ही हैं। लेकिन आज उन्हीं लोगों ने नेताजी को अपमानित करने का काम किया है। सपा सरकार में अपने विभाग के बारे में बोलते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि पांच साल जो सरकार चली थी, उसमें हमारे विभाग क्या किसी से कम अच्छे चले।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।