चौथा टेस्ट कोहली के कवर के रुप में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम में शामिल
(DELHI, DELHI) भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच धर्मशाला में होने वाले चौथे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। बता दें कि भारतीय कप्तान विराट कोहली को रांची टेस्ट के दौरान चोट लगी थी इसलिए उनके बैकअप के तौर पर अय्यर को टीम में शामिल किया गया है। श्रेयस अय्यर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ खेले गए अभ्यास मैच में भारत 'A' की ओर से नाबाद 202 रन बनाए थे।

22 साल के अय्यर आईपीएल 9 के बाद सुर्ख़ियों में आए थे। श्रेयस अय्यर को आईपीएल 9 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने 2 करोड़ 60 लाख रूपये की भारी राशि में खरीदा था। उस दौरान इस युवा खिलाड़ी ने 14 मैचों में 439 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने साल का उभरता हुआ खिलाड़ी का खिताब भी अपने नाम किया।
अपने छोटे से घरेलू करियर में अय्यर सबसे प्रभावशाली क्रिकेटर हैं। रणजी के तीन सत्रों में वे मुंबई की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। अपने पहले रणजी सीजन में उन्होंने रनों का अम्बार लगाते हुए 809 रन बनाए। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत ही मुंबई सेमीफाइनल में पहुंची थी। इसके बाद फाइनल में शतक लगाकर अय्यर ने मुंबई को 41वीं बार खिताब दिला दिया। पिछले वर्ष के रणजी सत्र में मुंबई को गुजरात के खिलाफ फाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी लेकिन अय्यर का अच्छा प्रदर्शन बरक़रार रहा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।