योगी कैबिनेट फैसला गांवों में 18 घंटे बिजली 14 दिनों में गन्ना किसानों का होगा भुगतान
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंगलवार को दूसरी कैबिनेट बैठक की। इस मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए। योगी सरकार ने गांवों को 18 घंटे बिजली देने का निर्णय किया है। इसके अलावा बुंदेलखंड में 20 घंटे बिजली दी जाएगी। तहसीलों में भी 20 घंटे बिजली दी जाएगी। जिला मुख्यालय में 24 घंटे बिजली पहुंचाई जाएगी। वहीं 14 दिनों में गन्ना किसानों का भुगतान किया जाएगा।

दूसरी कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गरीबों तक विकास पहुंचाया जाए। यदि बिजली विभाग में लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

श्रीकांत शर्मा ने आगे कहा कि अक्टूबर 2018 तक हर जगह 24 घंटे बिजली दी जाएगी। शहर में खराब हुए ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के अंदर बदला जाएगा। वहीं किसानों के ट्यूबवेल में ट्रांसफार्मर खराब हुआ तो 48 घंटे के अंदर उसे दुरुस्त करा दिया जाएगा। योगी आदित्यनाथ सरकार की दूसरी कैबिनेट मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए हैं। यूपी सरकार प्रदेश के किसानों से एक लाख मिट्रिक टन आलू की खरीददारी करेगी। सरकार 487 रुपये क्विंटल के दाम पर आलू खरीदेगी।

प्रदेश के गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए योगी सरकार ने फैसला किया कि पुराने बकाए का भुगतान 120 दिनों में कर दिया जाएगा। इसके अलावा मौजूदा भुगतान 14 दिनों में होंगे। दूसरी कैबिनेट बैठक में सरकार ने फैसला किया कि बिजली बिल पर बकाया सरचार्ज माफ किया जाएगा। 10 हजार बकाया वाले किसान चार किस्तों में भुगतान कर सकेंगे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।