पांडवों ने 5 गांव मांगे थे, मैंने AK से 5 नेताओं के विदेश दौरों की जानकारी मांगी- कपिल मिश्रा
(DELHI, DELHI) दिल्ली के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा ने अपने अनशने के दूसरे दिन गुरुवार को सीएम अरविंद केजरीवाल को एक और चिट्ठी लिखी है। उन्होंने चिट्ठी में कल हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा है कि केजरीवाल या आप नेताओं ने विदेश दौरे से संबंधित अब तक कोई जानकारी नहीं दी है। कपिल ने कहा​ कि पांडवों ने जैसे अपने लिए केवल पांच गांव मांगे थे वैसे ही उन्होंने केजरीवाल से केवल उन पांच नेताओं के विदेश दौरे के खर्च का ब्योरा मांगा है। इन ब्योरों को देना तो केवल 5 मिनट का काम है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं दी है। मिश्रा ने संजय सिंह, आशीष खेतान, सत्येंद्र जैन, राघव चड्ढा और दुर्गेश पाठक के विदेश दौरों पर हुए खर्च और यात्रा के मकसद को लेकर केजरीवाल को कल भी एक पत्र लिखा था। उन्होंने कहा ​कि आज वह दोपहर 12 बजे एंटी करप्शन ब्यूरो जाएंगे और टैंकर घोटाले से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां देंगे। उन्होंने कहा कि रविवार को दिन में 11 बजे भ्रष्टाचार से जुड़े कुछ और खुलासे करेंगे। इससे पहले बुधवार को आम आदमी पार्टी से निलंबित किये गए पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने अपने घर पर अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल जब तक यह नहीं बताएंगे कि आप नेताओं के विदेशों दौरों के लिए पैसे कहां से आए तब तब उनका अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल चुप हैं, कुछ बोल क्यों नहीं रहे हैं।सिविल लाइंस स्थित अपने घर के बाहर अनशन कर रहे पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा को बुधवार शाम एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं आरोपी ने कपिल के साथियों पर उसे पीटने का आरोप लगाया है। इस बीच खबर है ​कि कपिल मिश्रा को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिली है। पहले उनको फोन किया गया था, जब उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया तो​ फिर धमकी भरा संदेश उनके व्हाट्सएप पर आया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।