राष्ट्रपति चुनाव : सोनिया के लंच में शामिल होेने दिल्ली पहुंचीं ममता
(India)
जुलाई में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दल साझा उम्मीदवार उतारने की तैयारी जोर-शोर से कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार (26 मई) को गैर-एनडीए दलों से लंच पर मुलाकात करने वाली हैं। लेकिन खबर है कि बिहार के सीएम और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार इस लंच में नहीं शामिल होंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को इसमें आमंत्रित ही नहीं किया गया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस लंच के लिए दिल्ली पहुंच चुकी हैं। कांग्रेस ने बिहार विधान सभा चुनाव नीतीश की जदयू और लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ मिलकर लड़ा था। लेकिन पिछले कुछ समय से बिहार में जदयू और राजद के बीच समीकरण दरकने की अटकलें लगाई जा रही हैं। ममता बनर्जी इससे पहले भी सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात कर चुकी हैं। ममता ने नरेंद्र मोदी सरकार समेत सभी विपक्षी दलों से आपसी सहमति से निर्विरोध राष्ट्रपति चुने जाने की वकालत कर चुकी हैं। खबरों के अनुसार विपक्षी दल मौजूदा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी या महात्मा गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी को विपक्षी दलों का साझा उम्मीदवार बनाए जाने पर विचार कर रहा है। नीतीश कुमार पहले ही प्रणब मुखर्जी को दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने का समर्थन करने की बात कह चुके हैं। हालांकि लालू यादव समेत कई विपक्षी नेता प्रणब मुखर्जी के नाम पर सहमत नहीं हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।