भारत ने न्यूजीलैंड को 38.4 ओवर में 189 रन पर ढेर करने के बाद 26 ओवर में 3 विकेट पर 129 रन बना लिये थे कि फिर भारी बारिश के कारण खेल रोक देना पड़ा। इसके बाद खेल संभव नहीं हो पाया और भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत विजेता घोषित किया गया। इस नियम के तहत 26 ओवर तक भारत को 84 रन बनाने थे जबकि वह 129 रन बना चुका था। कप्तान विराट ने 55 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 52 रन की पारी खेली। उनके साथ विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धौनी 21 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर नाबाद रहे। ओपनर शिखर धवन ने ओपनिंग के लिए अपना दावा मजबूत करते हुए 59 गेंदों में पांच चौकों के सहारे 40 रन की पारी खेली। अजिंक्या रहाणे ने 7 रन बनाए जबकि दिनेश कार्तिक खाता नहीं खोल सके। इससे पहले न्यूजीलैंड की पारी में मोहम्मद शमी ने 8 ओवर में 47 रन पर तीन विकेट झटके जबकि भुवनेश्वर ने 6.4 ओवर में 28 रन पर 3 विकेट निकाले। लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा ने 4 ओवर में 8 रन पर 2 विकेट लिये। चोट से उबरकर वापसी कर रहे आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी फिटनेस साबित करते हुए छह ओवर में 32 रन पर एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज उमेश यादव ने चार ओवर में 11 रन पर एक विकेट लिया।
कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में 7 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। हार्दिक पांड्या ने 6 ओवर में 49 रन और जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 14 रन दिये लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। अपने कंधे की चोट के कारण पूरे आईपीएल से बाहर रहने वाले अश्विन ने 6 ओवर की गेंदबाजी में अपनी फिटनेस साबित की और मिशेल सैंटनर (12) को जडेजा के हाथों कैच कराया। उमेश यादव ने एडम मिल्ने (9) का विकेट लिया। पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धौनी ने विकेट के पीछे ब्रूम, ग्रैंडहोम और मिल्ने के शिकार किये। जेम्स नीशम 47 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। नीशम ने न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 126 रन से उबाकर 189 तक पहुंचाया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।