चैम्पियंस ट्राफी के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी टीम ने 300 रन से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की। वहीं कप्तान इयोन मोर्गन ने 61 गेंद में 75 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे। इससे पहले एलेक्स हेल्स शतक से पांच रन से चूक गए। हेल्स ने 86 गेंदों का सामना करके अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के जड़े। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 2015 विश्व कप में बांग्लादेश से मिली अप्रत्याशित हार का बदला भी चुकता कर दिया। इंग्लैंड की शुरूआत बेहद खराब रही थी और तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज जासन राय को मशरेफ मुर्तजा ने मुस्ताफिजूर रहमान के हाथों लपकवाया। उस समय स्कोर बोर्ड पर छह ही रन टंगे थे लेकिन इसके बाद हेल्स और रूट ने 159 रन की साक्षेदारी की। हेल्स 28वें ओवर में शब्बीर रहमान की गेंद पर आउट हुए तब स्कोर 165 रन था।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज तामिम इकबाल के शानदार शतक की मदद से बांग्लादेश ने इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी क्रिकेट के पहले मैच में छह विकेट पर 305 रन बनाये। इकबाल ने 142 गेंद में 128 रन बनाये और तीसरे विकेट के लिये मुशफिकर रहीम के साथ 166 रन की साक्षेदारी की। रहीम ने 72 गेंद में 79 रन बनाये। तामिम का यह नौवां वनडे शतक है। बांग्लादेश ने भारत से अभ्यास मैच में मिली शर्मनाक हार को भुलाते हुए उम्दा बल्लेबाजी की।इकबाल और सौम्य सरकार (28) ने पहले विकेट के लिये 56 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरूआत दिलाई। इमरूल कायेस (19) ने ज्यादा रन नहीं बनाये लेकिन इकबाल और रहीम ने ओवल की सपाट विकेट पर अच्छा प्रदर्शन किया। इकबाल ने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के जड़े जबकि रहीम ने आठ चौके लगाये। इकबाल ने 21वीं गेंद पर पहला चौका जड़ा लेकिन इसके बाद खुलकर खेले। उन्होंने 71 गेंद में 50 रन पूरे किये और उसके बाद मोईन अली को लांग आफ पर छक्का लगाया।
उन्होंने अली की ही गेंद पर एक रन लेकर 124 गेंद में अपना शतक पूरा किया। एक समय ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश 330 रन के आसपास पहुंचेगा लेकिन इंग्लैंड के लियाम प्लंकेट ने 45वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर इकबाल और रहीम को आउट किया। दोहरे झटके लगने से बांग्लादेश की रनगति पर अंकुश लग गया। शब्बीर रहमान ने हालांकि 15 गेंद में 24 रन बनाकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। मध्यम तेज गेंदबाज प्लंकेट ने 10 ओवर में 59 रन देकर चार विकेट लिये । प्लंकेट ने 50वां ओवर फेंका जिसमें सिर्फ पांच रन बन सके ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।