(DELHI, DELHI)
टीम इंडिया ने चैम्पियंस ट्रॉफी का शानदार आगाज करते हुए पहले ही मैच में पाकिस्तान को 124 रनों से हराया। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला गया मैच बारिश के चलते कई बार रोकना पड़ा, आखिरकार टीम इंडिया ने डकवर्थ लुइस मेथड से पाकिस्तान को हराया। कप्तान विराट कोहली टीम की बैटिंग और बॉलिंग से तो बहुत खुश से लेकिन फील्डिंग को लेकर उन्होंने नाखुशी जाहिर की। टीम इंडिया की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में कम से कम तीन आसान कैच टपकाए गए, जबकि फील्डिंग भी काफी ढीली नजर आई। डकवर्थ लुइस मेथड के तहत 41 ओवर में 289 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 33.4 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन ही बना सकी। गेंदबाजी के दौरान चोटिल हुए मोहम्मद आमिर बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। भारत की ओर से उमेश यादव (30 रन पर तीन विकेट), रविंद्र जडेजा (43 रन पर दो विकेट), हार्दिक पंडया (43 रन पर दो विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (23 रन देकर एक विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की। विराट ने भारत की जीत के बाद कहा, 'बैट और बॉल से हमने अच्छा प्रदर्शन किया। मैं 10 में से नौ प्वॉइंट दूंगा लेकिन फील्डिंग में हम 6 प्वॉइंट के बराबर ही थे। बेस्ट टीमों को टक्कर देने के लिए हमें अपनी फील्डिंग में सुधार करना होगा।' बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर विराट ने कहा, 'शिखर धवन और रोहित शर्मा ने हमें अच्छी शुरुआत दिलाई। पिछली बार हम जब यहां जीते थे तो सलामी बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई थी। रोहित ने कुछ समय लिया लेकिन वो चोट के बाद वापसी कर रहा है और इंटरनेशनल क्रिकेट आईपीएल से अलग है। उम्मीद करते हैं कि अगले मैच में वो बेहतर खेल पाएगा। उन्होंने कहा,शिखर ने काफी अच्छी शुरुआत की। युवराज काफी अच्छी लय में था और उसके सामने मैं क्लब क्रिकेटर लग रहा था। हार्दिक ने सिर्फ पांच गेंद में 18 रन (छह गेंद में नॉटआउट 20) बनाए जो शानदार था। दूसरी तरफ पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने अंतिम आठ ओवर में टीम की गेंदबाजी पर निराशा जताई। उन्होंने कहा, '40 ओवर के बाद सब कुछ कंट्रोल में था लेकिन अंतिम आठ ओवर में हमने मौका गंवा दिया। भारतीय बल्लेबाजों को श्रेय जाता है। उन्होंने अंतिम आठ ओवर में 124 रन बनाए और लय भारत के पास चली गई। इससे पहले भारत ने रोहित (91), कप्तान विराट कोहली (नॉटआउट 81), सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (68) और युवराज सिंह (53) के अर्धशतकों की बदौलत तीन विकेट पर 319 रन बनाए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।