भारत-वेस्टइंडीज क्रिकेट श्रंखला: चौथे वनडे मे वेस्टइंडीज से 11 रनो से हारा भारत
(DELHI, DELHI) भारत और वेस्टइंडीज के बीच सोमवार को खेले गए चौथे वनडे में वेस्टइंडीज ने इंडिया को 11 रनों से मात दी। इंडिया की पूरी टीम 49.4 ओवर में ही 178 रन बना कर ऑल आउट हो गई।

इससे पहले सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में टॉस जीत कर मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत को कुल 190 रनों का लक्ष्य दिया था।तेज गेंदबाज उमेश यादव, हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी के सामने कैरेबियाई टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 189 रन बना सकी। यादव-हार्दिक ने तीन-तीन जबकि कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके।टॉस जीतकर पहले बल्लबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की धीमी शुरुआत रही।

ओपन करने आए काइल होप (35) और एविन लुईस (35) ने टीम को धीमी शुरुआत दिलाई। वहीं दूसरी तरफ भारत की तरफ से मो. शमी और उमेश यादव ने भी वेस्टइंडीज के दोनों बल्लेबाजों को कोई मौका नहीं दिया। ड्रिंक्स तक भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों खुलने नहीं दिया। ड्रिंक्स के तुरंत बाद ही हार्दिक पंडया ने काइल होप को केदार जाधव के हाथों कैच आउट करवाया। आउट होने से पहले होप ने 35 रनों की पारी खेली। थोड़ी देर बाद ही कुलदीप यादव ने ओपनर एविन लुईस को आउट कर दिया। इतना ही नहीं कुलदीप यादव ने रोस्टन चेज को भी चलता किया।

जवाब में बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। एक तरफ जहां ओपनर अजिंक्य रहाणे ने 60 रनों की पारी खेली वहीं इनके साथ बैटिंग करने उतरे शिखर धवन 05 रन बना कर ही वापस पवेलियन लौट गए। कप्तान विराट कोहली, दिनेश कार्तिक और पंड्या भी सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। वहीं महेंद्र सिंह धौनी ने 114 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेली।

इस मैच में भारतीय टीम में तीन बदलाव किये गए थे। युवराज सिंह की जगह दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन की जगह रविंद्र जडेजा और भुवनेश्वर कुमार की जगह मोहम्मद शमी को टीम में जगह दी गई थी। वहीं वेस्टइंडीज की तरफ से केवल एक ही बदलाव किया गया था। अल्जारी जोसेफ को मिगुएल कमिंस की जगह टीम में लाया गया था।

दूसरे और तीसरे मैचों में आसान जीत के बाद विराट कोहली की अगुआई वाली टीम को इस मैच में भी जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टीम के अरमानों पर पानी फिर गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।