भाजपा तोड़ने में लगी लेकिन महागठबंधन अटूट ,मंत्री रहते हुये मैं बेदाग- तेजस्वी यादव
(BIHAR, BIHAR) महागठबंधन पर मचे घमासान के बीच आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में पटना में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा हमारे खिलाफ साजिश कर रही है, भ्रष्टाचार पर उनके सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।

उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए उनपर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है, वह बेदाग हैं। उन्होंने कहा कि​ कथित घोटाले के समय वे बच्चे थे। तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन से भाजपा डरी हुई हैं। महागठबंधन टूटने वाला नहीं है। भाजपा महागठबंधन तोड़ने की कोशिश में जुटी है।

आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, हमारे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह द्वारा साजिश करके की गई है। मैं जनता के बीच जाऊंगा। भाजपा का पूरे देश से सफाया करेंगे।
मंगलवार को जदयू ने अपनी बैठक में साफ किया कि वो भ्रष्टाचार के किसी भी मुद्दे पर समझौता नहीं करेगी। इधर, राजद भी अड़ी हुई है कि वो तेजस्वी यादव से इस्तीफा नहीं लेगी।

इससे पहले जदयू ने राजद को तेजस्वी यादव पर 4 दिनों के भीतर कोई फैसला लेने को कहा है। दरअसल, लालू प्रसाद यादव पर हुई कार्रवाई के बाद से तेजस्वी यादव पर भी हमला तेज हो गया था। जिसके बाद से उनकी बर्खास्तगी की मांग उठने लगी थी।

भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया था कि कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद को मंत्रिपरिषद से बाहर करने के मामले में जदयू ने गेंद राजद के पाले में डाल दी है। राजद और उसके नेता पर आरोप लगे हैं तो वे जवाब दें। मोदी मंगलवार को पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर प्रेस कान्फ्रेंस में बोल रहे थे। मोदी ने कहा कि महागठबंधन के सभी घटकों ने अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है।

राजद ने कहा है कि तेजस्वी इस्तीफा नहीं देंगे। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि वह राजद प्रमुख लालू प्रसाद के साथ है। वहीं, जदयू का भी पक्ष आ गया है कि जिन पर आरोप लगे हैं, वे जनता के दरबार में आरोपों का बिंदुवार जवाब दें। जदयू ने अपनी सरकार में आरोपी नेताओं से इस्तीफा भी लिया है। अब गेंद राजद के पाले में है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।