INDvsSL 2nd Test: कुसल मेंडिस ने बनाया शतक, फॉलोआन खेल रही श्रीलंका टीम जीत से काफी दूर
(DELHI, DELHI) भारतीय टीम के खिलाफ कोलंबो टेस्‍ट में फॉलोआन के बोझ तले दबी श्रीलंका टीम ने दूसरी पारी में विराट ब्रिगेड को मजबूत जवाब दिया है. भारत की पहली पारी के नौ विकेट पर 622 रन (पारी घोषित) के जवाब में श्रीलंका टीम आज मैच के तीसरे दिन पहली पारी में जब सिर्फ 183 रन पर ढेर हो गई तो लगा था कि भारतीय टीम जल्‍द ही इस मैच में जीत हासिल कर लेगी. लेकिन दूसरी पारी में श्रीलंका के बल्‍लेबाजों ने जबर्दस्‍त संघर्ष किया. फॉलोआन का सामना करते हुए उपुल थरंगा तो जल्‍द आउट हो गए लेकिन दिमुथ करुणारत्‍ने और कुसल मेंडिस ने दूसरे विकेट के लिए 191 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया को लंबे समय तक सफलता से वंचित रखा. आखिरकार कुसल मेंडिस (110) का विकेट लेकर हार्दिक पंड्या ने यह साझेदारी तोड़ी . तीसरे दिन स्‍टंप्‍स के समय श्रीलंका का स्‍कोर दो विकेट खोकर 209 रन था. दिमुथ करुणारत्‍ने 92 और नाइट वाचमैन पुष्‍पकुमार 2 रन बनाकर नाबाद हैं

इससे पहले श्रीलंका की टीम अपनी पहली पारी में बिना कोई खास संघर्ष किए 183 रन पर आउट हो गई थी. भारत के लिए ऑफ स्पिनर आर. अश्विन ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए. पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम को 439 रन की विशाल बढ़त हासिल हुई मैच के तीसरे दिन श्रीलंका ने पहली पारी में दो विकेट पर 50 रन से आगे खेलना शुरू किया. भारतीय गेंदबाजी की शुरुआत लेग स्पिनर रवींद्र जडेजा ने की. इस ओवर में सात रन बने. पारी के 25वें ओवर में जडेजा टीम के लिए दिन की पहली कामयाबी लेकर आए. उन्‍होंने कप्‍तान दिनेश चंदीमल (10 रन, 34 गेंद, एक छक्‍का) को हार्दिक पंड्या के हाथ कैच करा दिया. तीसरा विकेट 60 के स्‍कोर पर गिरा. इसी ओवर में पूर्व कप्‍तान एंजेलो मैथ्‍यूज भी आउट हो सकते थे लेकिन विराट कोहली ने कैच टपका दिया. श्रीलंका अभी इस शुरुआती झटके से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ओवर में कुसल मेंडिस (24 रन, 64 गेंद, चार चौके) भी विदा हो गए. उन्‍हें तेज गेंदबाज उमेश यादव ने कप्‍तान कोहली से कैच कराया. श्रीलंका का चौथा विकेट 64 रन पर पर गिरा

मैथ्‍यूज और डिकवेला ने इसके बाद आक्रामक स्‍ट्रोक्‍स लगाकर भारत के गेंदबाजों को दबाव में लाने की कोशिश की. डिकवेला ने जहां अश्विन की गेंद पर छक्‍का जमाया, वहीं मैथ्‍यूज ने जडेजा के ओवर में दो छक्‍के जड़े. हालांकि इस रणनीति ने भी काम नहीं किया और टीम को जल्‍द ही मैथ्‍यूज (26 रन, 33 गेंद, दो चौके, दो छक्‍के) का विकेट गंवाना पड़ा. मैथ्‍यूज को लेग स्लिप पर पुजारा ने खूबसूरती से कैच किया. इसके तुरंत बाद श्रीलंका का छठवां विकेट धनंजय डिसिल्‍वा के रूप में जल्‍द ही गिर गया. धनंजय सिर्फ एक गेंद खेल पाए. उन्‍हें रवींद्र जडेजा ने बोल्‍ड किया. जडेजा ने इसके साथ ही टेस्‍ट क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे किए. छठा विकेट 122 रन के स्‍कोर पर गिरा

विकेट की इस पतझड़ के बीच निरोशन डिकेवला ने अपना अर्धशतक 44 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्‍के की मदद से पूरा किया. श्रीलंका के 150 रन 40.3 ओवर में पूरे हुए. 42 वें ओवर में मोहम्‍मद शमी टीम के लिए दो सफलताएं लेकर आए. श्रीलंका टीम का सातवां विकेट डिकवेला (51) के रूप में ही गिरा. उन्‍हें शमी ने बोल्‍ड किया. इसी ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने रंगना हेराथ (2 रन, पांच गेंद) को भी चलता कर दिया. श्रीलंका टीम का नौवां विकेट दिलरुवान परेरा (25 रन, 34 गेंद, तीन चौके, एक छक्‍का) के रूप में गिरा जिन्‍हें अश्विन ने बोल्‍ड किया.इसके बाद अश्विन ने नुवान प्रदीप (0) को भी आउट करते हुए श्रीलंकाई पारी का 183 रन पर अंत कर दिया. अश्विन ने मैच में पांच विकेट लिए

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।