पटना पुलिस ने गांधी मैदान में स्थायी थाना खोला है। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि राजधानी में 20 जगहों पर पार्किंग स्पॉट बनाया गया है। इस व्यवस्था के तहत वेटनरी कॉलेज परिसर, गर्दनीबाग रोड नं.-11, जीरो माइल से मीठापुर तक बड़े वाहन लगेंगे। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर भी बड़े वाहन लगाये जायेंगे। लॉ एंड आर्डर को बिगाड़ने वालों से पटना पुलिस सख्ती से निबटने की तैयारी में है।
रैली में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पास सिस्टम लागू किया गया है। अति विशिष्ट व्यक्ति लाल पासधारक गेट नं-1 से गांधी मैदान में प्रवेश करेंगे। हरे पास धारक विधायक गेट नं-13 से मैदान में प्रवेश करेंगे। विधायकों की गाड़ी ए एन सिन्हा इंस्टीट्यूट में पार्क होगी जहां केवल लाल-हरे रंग के पास धारकों के वाहनों को प्रवेश मिलेगा।
पटना पुलिस का दावा है कि सुरक्षा में चूक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है लेकिन गांधी मैदान में हुंकार रैली ब्लास्ट, विजयादश्मी भगदड़ और हाल में मुख्यमंत्री आवास के पास राजद कार्यकर्ताओं का हुड़दंग भी पटना पुलिस को याद रखना पड़ेगा।
दूर-दराज के इलाके से रैली में भाग लेने वालों के आने का सिलसिला जारी है। रैली में आ रहे लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। मनोरंजन के लिए नाच-गाने का भी इंतजाम है। खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। लालू की रैली में गांव-देहात से काफी संख्या में समर्थक जुटते हैं। इस बार हालांकि बाढ़ की वजह से ज्यादा लोग ना आ सकें। वहीं लालू परिवार रैली को लेकर व्यसत है। लालू के दोनों पुत्र तेजस्वी और तेजप्रताप भी रैली में आने के लिए लोगों को आमंत्रित किया है। लालू यादव खुद कई जगहों पर सभा कर लोगों से रैली में भाग लेने की अपील कर चुके हैं। तेजस्वी यादव ने अपने ट्विटर एकाउंट पर वीडियो भी शेयर किया है।
पटना पुलिस 27 अगस्त को शहर में आने वाली भीड़ से कैसे निपटेगी, ये एक बड़ा सवाल है। पुलिस ने इस सवाल के जवाब के लिए पूरी राजधानी की किलेबंदी कर दी है। पुलिस ने न सिर्फ प्लान तैयार किया है बल्कि उसे लागू करना भी शुरू कर दिया है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।