.नोटिस में दिल्ली की जमीन, प्लॉट और भवन तथा पटना की 9.32 करोड़ की कीमत वाली जमीन को जब्त करने का आदेश शामिल है। आयकर विभाग ने कथित बेनामी संपत्ति सौदों के मामलों में 16 मई को दिल्ली और आसपास के 22 जगहों पर छापे मारे थे।
2.पूर्व रेलमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कई मामलों में फंसे हैं। उनके खिलाफ चारा घोटाला, बेनामी संपत्ति, रेलवे के होटल टेंडर आवंटन में गड़बड़ी और करोड़ों के गिफ्ट को लेकर कई आरोप लगे हैं। रेलवे टेंडर आवंटन को लेकर लालू यादव के खिलाफ 7 जुलाई को सीबीआई ने सुबह से ही देश भर के 12 ठिकानों पर छापेमारी की। वहीं ठीक इसके 24 घंटे बाद आज लालू की बेटी और दामाद के खिलाफ भी दिल्ली के तीन जगहों पर छापेमारी हुई।
3.लालू की बेटी और दामाद पर भी लगे हैं आरोप- लालू की बेटी मीसा और उनके पति शैलेश पर आरोप मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर है। मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत ईडी की छापेमारी की गई है। दरअसल 8000 करोड़ की ब्लैकमनी को व्हाइट कराने के मामले की जांच चल रही है, जिसमें कई लोगों द्वारा शैल कंपनियो के जरिए कालेधन को सफेद करने के आरोप हैं।
4.बेनामी संपत्ति पर पहले भी हो चुकी है पूछताछ- बेनामी संपत्ति के मामले में भी घिरी लालू यादव की बेटी मीसा भारती और उनके पति शैलेश कुमार 21 जून को आयकर विभाग के सामने पेश हुए थे। दोनों से करीब छह तक पूछताछ हुई। उससे पहले 20 जून को एक बड़ी कार्रवाई में आयकर विभाग ने दिल्ली से पटना तक लालू प्रसाद यादव के परिवार की कई बेनामी संपत्तियां ज़ब्त कीं, जिनमें लालू की पत्नी राबड़ी देवी, उनके पुत्र तेजस्वी यादव, पुत्री मीसा भारती, दामाद शैलेश कुमार की बेनामी संपत्तियां शामिल हैं।
5.लालू प्रसाद पर लगे हैं ये आरोप- जुलाई में सीबीआई ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी के यहां छापेमारी की। लालू के रेलमंत्री रहते हुए वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप में एफआईआर कर सीबीआई ने छापेमारी की. सीबीआई ने इस मामले में भ्रष्टाचार का नया केस दर्ज करते हुए पटना में सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास सहित पटना, रांची, गुरुग्राम और भुवनेश्वर में 12 जगहों पर छापेमारी की।
लालू के खिलाफ आरोपों की जड़ें 2001 से जुड़ी हुई हैं। जो तत्कालीन एनडीए सरकार के उस फैसले तक जाती हैं जब उसने रेलवे के होटलों की कैटरिंग सेवाओं का प्रबंधन आईआरसीटीसी को सौंपने का फैसला किया था। रेलवे बोर्ड ने 2001 में फैसला लिया कि कैटरिंग सर्विस और रांची तथा पुरी स्थित रेलवे के होटल बीएनआर का संचालन भारतीय रेलवे से लेकर आईआरसीटीसी को दे दिया जाएगा।
6.ये लगी हैं धाराएं- सीबीआई अधिकारी राकेश अस्थाना ने बताया कि पांच जुलाई को केस दर्ज किया गया था। सीबीआई ने लालू और उनके परिवार समेत आठ लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120 बी (आपराधिक साजिश), 13, 13 (1) (डी) पीसी एक्ट का मामला दर्ज किया गया।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।