DeMonetisation : राहुल गांधी को नोटबंदी पर बहस करने के लिए स्मृति ईरानी की चुनौती..
(DELHI, DELHI) कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश में दिए गए भाषण को लेकर भाजपा नेता सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने तीखा हमला किया है। ईरानी ने कहा है कि राहुल ने अपनी मां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अहंकारी कह कर पूरी कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया है। अगर ऐसा है तो इस बारे में कांग्रेस को आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

ईरानी ने कहा है राहुल गांधी का यह कहना कि यह देश परिवार वाद से चलता है आधारहीन है, यह उनकी सोच है। सच्चाई यह है कि देश के शीर्ष पदों पर गरीब, किसान और वंचित परिवार के लोग हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बारे में राहुल के बयान पर कुछ न कहना ही ठीक है। प्रधानमंत्री पर देश के भीतर और बाहर तंज कसना नई बात नहीं है। जब उनके बयान को देश में समर्थन नहीं मिलता है तो विदेश में बोलते हैं। लेकिन मतदाता देश में ही है, जिनका विश्वास मोदी में है।

नोटबंदी पर सरकार की आलोचना पर ईरानी ने कहा कि वे राहुल गांधी को चुनौती देती हैं कि संसद के अगले सत्र में या कहीं बाहर किसी मंच पर बहस कर लें और साबित करें कि आर्थिक व सामाजिक क्षेत्र में कहां विपरीत असर पड़ा। उन्होंने कहा कि जीएसटी पर कांग्रेस ने अपनी सरकार में सभी दलों व पक्षों को साथ में लिया होता तो वह तभी पारित हो जाता। चूंकि कांग्रेस को सुनने की आदत नहीं है, इसलिए परेशान हैं। ईरानी ने जम्मू कश्मीर समस्या के लिए कांग्रेस की पूर्व सरकारों को ज़िम्मेदार ठहराया।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।