सोमवार (23 अक्टूबर) को वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि गुजरात के जिस होटल में वो पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल से मिले थे उसकी सीसीटीवी फूटेज स्थानीय पुलिस और आईबी के लोग ले गये। अहमदाबाद स्थित इस होटल में हार्दिक पटेल से अशोक गहलोत और उसी दिन सुबह कांग्रेस में शामिल हुए अल्पेश ठाकोर की मुलाकात हुई थी। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के महासचिव गहलोत ने इंडियन एक्स्प्रेस से कहा कि होटल के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि “आईबी और पुलिस के लोग पूछताछ कर रहे थे कि किससे कौन मिलने आया था, उसके बाद वो होटल का सीसीटीवी फूटेज ले गये और उसे मीडिया को दे दिया।” सोमवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी गुजरात के दौरे पर थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि हार्दिक पटेल राहुल गांधी से मिल सकते हैं। अशोक गहलोत ने कहा, “राहुल गांधी से मिले, किस से मिले ,क्या हुआ, इनको क्या मतलब है। कौन किस से मिला इनको क्या मतलब है। कोई भगोड़ा है क्या?” जिस उम्मेद होटल में अशोक गहलोत ने हार्दिक पटेल से मुलाकात की उसने भी सीसीटीवी फूटेज लिए जाने से इनकार नहीं किया। होटल के चीफ सिक्योरिटी अफसर विक्रम सिंह शेखावत ने कहा, “पुलिस ने किसी कमरे की तलाशी नहीं ली लेकिन वीवीआईपी की आवाजाही की वजह से होटल में दिन भर पुलिस और आईबी के कई लोग तैनात रहे। पुलिस ने हमसे सीसीटीवी फूटेज मांगा और प्रबंधन से बात करने के बाद हमने उन्हें वो सौंप दिया।”
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।