हिमाचल में कांग्रेस बैकपुट पर ,नामांकन रद होते ही हाईकोर्ट पहुची विद्या स्टोक्स ...
(Shimla, Shimla) ठियोग विधानसभा सीट से विद्या स्टोक्स का नामांकन रद होते ही कांग्रेस बैकपुट पर चली गई थी, लेकिन अब खुद विद्या स्टोक्स ने इस मामले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। जानकारी के अनुसार विद्या स्टोक्स ने याचिका हाईकोर्ट में लगाई है, जिस पर आज सुनवाई भी होनी है। गौरतलब है कि ठियोग से सात बार विधायक रहीं मंत्री विद्या स्टोक्स अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ पाएंगी। सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने मंगलवार को जांच के बाद उनका नामांकन रद कर दिया। चुनाव आयोग की कार्रवाई से कांग्रेस की वयोवृद्ध नेत्री विद्या स्टोक्स को करारा झटका लगा है। ठियोग हलके से अब दीपक राठौर ही कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी होंगे।

सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। सुबह सबसे पहले कांग्रेस के टिकट पर दीपक राठौर ने नामांकन भरा था और दोपहर बाद करीब ढाई बजे विद्या स्टोक्स ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मंगलवार को माकपा और भाजपा ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करते हुए कहा कि कांग्रेस से दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन भरे हैं, नियमानुसार ऐसा संभव नहीं है, इसलिए इनमें से एक ही नामांकन मान्य होना चाहिए।

नामांकन पत्रों की जांच में भी पाया गया कि स्टोक्स ने आधाअधूरा फॉर्म भरा है। उन्होंने दो के बजाय एक ही प्रपोजर रखा। जांच के मानकों पर यह खरा नहीं उतरा। बाद में सहायक रिटर्निंंग अधिकारी ताशी संदूप ने ठियोग के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी की, इसमें स्टोक्स का नाम नहीं था। सूची के मुताबिक निर्चाचन क्षेत्र से दीपक राठौर कांग्रेस, राकेश वर्मा भाजपा, राकेश सिंघा माकपा प्रत्याशी होंगे। देवीराम शर्मा और रोशन लाल निर्दलीय प्रत्याशी होंगे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।