क्रिस गेल को क्रिकेट की दुनिया में उनके धमाकेदार अंदाज के लिए जाना जाता.....
(DELHI, DELHI) वेस्टइंडीज के धुंआधार बल्लेबाज क्रिेस गेल टी-20 के सबसे विध्वंसक बल्लेबाज माने जाते हैं। उनके नाम आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है। उन्होंने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रनों की पारी खेली थी। क्रिस गेल को क्रिकेट की दुनिया में उनके धमाकेदार अंदाज के लिए जाना जाता है। जब गेल का बल्ला चलता है तो पता नहीं रहता कि वह क्या कर बैठेंगे। क्रिस गेल की बैटिंग जैसा नजारा मुंबई में खेले गए एक राष्ट्रीय स्तर के टी-20 टूर्नामेंट में देखने को मिला।
गेल और इस बल्लेबाज में यह अंतर था कि गेल जहां गेंदों को देखकर सीमारेखा के पार पहुंचाते हैं वहीं यह बल्लेबाज बिना देखे गेंदों को दाएं-बाएं मार रहे थे। जी हां, मुंबई में हो रहे नेशनल ब्लाइंड टूर्नामेंट में आंध्र प्रदेश के बल्लेबाज वेंकेटेश राव ने आतिशी बल्लेबाजी का नजारा पेश कर सिर्फ 82 गेंदों में 279 रन ठोक डाले। टी-20 मैच में यह स्कोर दुनिया के किसी भी स्तर के क्रिकेटर के लिए बड़ी चुनौती होगा।
यह रिकॉर्ड किसी भी खिलाड़ी के लिए एक बड़ा मुकाम है। वेंकटेश नेशनल ब्लाइंड टूर्नामेंट में खेल रहे थे और अब उनके इस प्रदर्शन की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। वेंकटेश ने अपनी पारी में 40 चौके और 18 छक्के मारे। इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत ही आंध्र प्रदेश ने मुंबई पर 292 रनों की विशाल जीत दर्ज की।
वेंकटेश ने अपनी पारी के 279 रनों में से 268 रन तो सिर्फ चौकों-छक्कों से ही बना दिए। बता दें कि जिस ग्राउंड में यह मैच खेला गया वह अंतरराष्ट्रीय मैदान की तरह सरपट नहीं था। इसके बावजूद वेंकटेश ने शारीरिक अक्षमता और तमाम विषम परिस्थितियों को मात देकर ऐसी पारी खेली। इसलिए वह इस मामले में गेल के भी गुरु साबित होते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।