आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार की स्थिति बदतर हो गई है। राज्य में घोटाला दर घोटाला सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बोलते थे कि हमारी सरकार में आज तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। उंगली पर गिनती की जाए तो दर्जनों भ्रष्टाचार के मामले आ गए। लालू शनिवार को दस सकरुलर रोड स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शौचालय घोटाला सृजन घोटाले से भी बड़ा घोटाला हो गया। अभी सिर्फ एक पटना जिला में 14-15 करोड़ की पहचान हुई है, पूरे बिहार में जांच कर लेखा-जोखा किया जाए तो अरबों का घोटाला हो जाएगा। किस ऑथोरिटी के आधार पर गैर सरकारी संगठनों को पैसा ट्रांसफर किया गया। सृजन, पेंशन, छात्रवृत्ति, टॉपर व शिक्षा घोटाला सामने आ चुका है। आरोप लगाया कि आइएएस से नेता बने व्यक्ति ने सारे पैसों को ठिकाने लगाया। प्रसाद ने आरोप लगाया कि सभी जांच एजेंसियां को खिलौना बना दिया गया है। हमारा मुकाबला सीधे बीजेपी-आरएसएस से है। हम नियोजित शिक्षकों के साथ हैं। आठ नवंबर को पूरे बिहार में नोटबंदी व जीएसटी के खिलाफ काला दिवस सभी पार्टी अपने-अपने ढंग से मनाएगी। लालू खुद भी उस दिन सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने यूपी के वाणिज्य कर अधिकारी रह चुके शंकर चरण त्रिपाठी को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोनीत किया। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मंत्री आलोक मेहता भी उपस्थित थे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।