उपाध्यक्ष राजीव कुमार बोले-मोदी सरकार का लक्ष्य निजीकरण नहीं, गुड गवर्नेंस....
(DELHI, DELHI) नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा है कि एक भ्रम फैलाया जा रहा है कि मोदी सरकार निजीकरण के पीछे तुली हुई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह मान्यता गलत है कि सारी सार्वजनिक सेवाओं का निजीकरण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्देश है तथा उनका लक्ष्य है कि सरकार को जो काम करना है उसे बेहतर तरीके से करना चाहिए। वह लगातार समीक्षा भी करते हैं।

कुमार ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य शिक्षा और कानून व्यवस्था जैसे काम सरकार को करने हैं और वह कर रही है। लेकिन यह जो एक भ्रम सा फैलाया जा रहा है कि मोदी सरकार निजीकरण के पीछे तुली हुई है। यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर आप एयर इंडिया की बात करेंगे तो आप स्वयं स्वीकार करेंगे कि उसको बेहतर करने के लिए ऐसा किया जाना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि सार्वजनिक सेवाओं के लिए कभी भी इस सरकार ने निजीकरण की बात उठाई है।

राजीव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के आदेश पर नीति आयोग ने यह तय किया है कि आयोग सारे राज्यों के साथ मिलकर काम करेगा तथा डेवलेपमेंट पार्टनर की तरह काम करेगा। हमलोग यह प्रयत्न कर रहे हैं कि हम स्वयं सभी राज्यों में जाएं और वहां के लोगों से मिलें और वहां की स्थिति के आधार पर विकास का एजेंडा बनाया जाए न कि यहां दिल्ली में बैठकर बनाया जाए। उन्होंने नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर कहा कि बस्तर अपने में विशेष क्षेत्र है। यहां जो भी विकास का काम करना है उसके लिए बहुत जल्द नीति आयोग बैठक बुलाएगा और उस पर विचार किया जाएगा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।