यूपी राज्यसभा चुनाव का पहला परिणाम BJP के पक्ष में
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की दस सीटों के लिए आज हुए मतदान में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक-एक विधायक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के पक्ष में क्रासवोटिंग की। वहीं निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने मतदान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर राजनीतिक संशय पैदा कर दिया है। राजा भैया ने सपा उम्मीदवार जया बच्चन के पक्ष में मतदान करने की घोषणा की थी लेकिन मतदान के बाद योगी से मुलाकात कर अनिश्चितता पैदा कर दी है।

राजा भैया के समर्थकों का कहना है कि उन्होंने और निर्दलीय विधायक विनोद सरोज ने जया बच्चन के पक्ष में मतदान किया है, जबकि भाजपा से जुडे लोग इससे अलग दावे कर रहे हैं। मतदान समाप्त होने के समय से एक घंटे पहले तीन बजे ही सभी मतदाताओं ने वोट डाल दिये थे। चार सौ दो विधायकों को मतदान करना था लेकिन बसपा के मुख्तार अंसारी और सपा के हरिओम यादव के जेल में रहने की वजह से 400 मत ही पड़े।

बसपा विधायक अनिल सिंह ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया, जबकि सपा विधायक नितिन अग्रवाल ने भी भाजपा को वोट दिया। नितिन अग्रवाल के पिता नरेश अग्रवाल हाल ही में सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। इसलिये यह माना जा रहा था कि नितिन अग्रवाल भाजपा उम्मीदवार को ही वोट देंगे। हालांकि तकनीकी तौर पर वह सपा विधायक ही हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।