कर्नाटक चुनाव के बाद 10-15 दिन की छुट्टी लेकर कैलाश मानसरोवर जाएंगे राहुल गांधी
(India) रामलीला मैदान पर कांग्रेस की जन आक्रोश रैली के दौरान पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार पर हमलावर रहे। इस दौरान राहुल ने हाल ही में अपने विमान में आई तकनीकी गड़बड़ी की घटना का भी उल्लेख किया। दरअसल, अपना भाषण पूरा कर राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बगल में जाकर बैठ गए थे, पर कुछ देर बाद वह दोबारा उठे और अपने दिल की एक बात बताने के लिए माइक के सामने पहुंच गए। राहुल को दोबारा माइक पर देख कार्यकर्ता भी ठिठक गए। उस समय कार्यकर्ताओं से 'वक्त है बदलाव का' के नारे लगाए जा रहे थे। कार्यकर्ता भी अपनी जगह से खड़े हो गए थे पर राहुल की आवाज सुन सभी एक बार फिर अपनी-अपनी जगहों पर जम गए। दोबारा माइक संभालते हुए राहुल ने कहा, 'आप कांग्रेस के कार्यकर्ता हो, मैं आपको रिपोर्ट करता हूं तो मैं आपको एक बात बताना चाहता हूं। मैंने पहले सोचा था कि बोलूंगा नहीं फिर सोचा परिवार के लोग हैं तो बोल देता हूं।' अपने दिल की बात बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2-3 दिन पहले हम कर्नाटक जा रहे थे, हम हवाई जहाज में थे और अचानक हवाई जहाज 8 हजार फुट नीचे आ गया। मैंने सोचा, गाड़ी गई... तभी मेरे दिमाग में आया कि मैं कैलास मानसरोवर की यात्रा करूंगा। आपको बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 12 मई को मतदान है। उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक के चुनाव के बाद मुझे आपसे (कार्यकर्ताओं से) 10-15 दिन की छुट्टी चाहिए ताकि मैं कैलास मानसरोवर जा सकूं।’

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।