आज रैलियों का महायुद्ध, मोदी-राहुल और योगी करेंगे धुआंधार जनसभाएं-कर्नाटक चुनाव
(DELHI, DELHI) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में आज अपने तीसरे चरण का चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे। वे आज तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज कर्नाटक में ही रहेंगे और चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता योगी आदित्यनाथ भी कर्नाटक दौरे पर हैं। योगी आदित्यनाथ 3 मई से 5 मई तक कर्नाटक में विभिन्न रैलियों और चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी यहां कलबुर्गी बेल्लारी और बेंगलुरू में रैली को संबोधित करेंगे। वे यहां 21 कुल रैलियों को संबोधित करेंगे। इनमें से तीन रैलियों को वे 1 मई को संबोधित कर चुके हैं। बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यहां सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित कई भाजपा नेता आएंगे। मोदी ने इससे पहले राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला करते हुए चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया था। प्रधानमंत्री का अगला चुनाव प्रचार अभियान तमाकुरा में पांच मई को होगा।
कर्नाटक में मंगलवार को आयोजित एक चुनावी रैली को संबोंधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की प्रशंसा की थी। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए देवेगौड़ा ने बुधवार को कहा इसका मतलब यह नहीं कि दोनों दल एक दूसरे से मधुर संबंध बना रहे हैं।

देवगौड़ा ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की उस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि जेडीएस भाजपा का समर्थन करेगी। उन्होंने दावा किया कि जब सिद्धरमैया जेडीएस में थे तो वह 2004 में भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बनना चाहते थे।

मोदी ने देवेगौड़ा का कथित अपमान करने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा की थी। इसका समर्थन करते हुए देवेगौड़ा ने कहा एक कन्नड़िगा प्रधानमंत्री बना था। सिद्धरमैया ने कन्नड़िगा के गौरव को खत्म करने का प्रयास किया। उन्होंने त्रिशंकु विधानसभा की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि 12 मई को प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में जेडीएस सत्ता में वापस आएगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।