कर्नाटक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बताया कि राज्य में पार्टी अध्यक्ष जी परमेश्वर उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस के रमेश कुमार अगले विधानसभा अध्यक्ष स्पीकर होंगे जबकि विधानसभा उपाध्यक्ष पद जद एस के खाते में जायेगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के 22 और जद (एस) से 12 मंत्री होंगे। शुक्रवार को विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण के बाद वे शपथ लेंगे।
अधिकारियों ने इससे पहले बताया था कि कुमारस्वामी बृहस्पतिवार को सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे।
कुमारस्वामी एक हफ्ते के अंदर कर्नाटक में शपथ लेने वाले दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। दरअसल, भाजपा के प्रदेश प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने 19 मई को शक्ति परीक्षण का सामना किए बगैर इस्तीफा दे दिया था।
कुमारस्वामी ने कहा कि विभागों के आवंटन पर शुक्रवार को चर्चा होगी। गठबंधन के सुचारू रूप से कामकाज करने के लिए एक समन्वय समिति गठित की जाएगी। जद एस प्रमुख एवं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के तीसरे पुत्र कुमारस्वामी को राज्यपाल वजुभाई वाला विधानसौध के सामने शाम साढ़े चार बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए बड़ा मंच बनाया गया है। समारोह में कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेताओं के शरीक होने की उम्मीद है। इसके जरिए 2019 के आमचुनाव से पहले भाजपा को विपक्षी एकजुटता का एक संदेश दिए जाने की उम्मीद है।
सरकारी अधिकारियों और जद एस सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी संप्रग अध्यक्ष एवं उनकी मां सोनिया गांधी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के भी समारोह में शरीक होने की संभावना है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।