मानवेंद्र सिंह ने भाजपा को दिया बड़ा झटका,कांग्रेस में हुए शामिल
(DELHI, DELHI) गोवा में अपने दो विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस ने भी फौरन पलटवार किया है। राजस्थान विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा को बड़ा झटका देते हुए कांग्रेस ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह को पार्टी में शामिल करने का ऐलान किया था। मानवेंद्र ने बुधवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ली। मानवेंद्र राजस्थान के शिव विधानसभा सीट से विधायक हैं। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद मानवेंद्र ने कहा कि मैंने आज सुबह राहुल गांधी से मुलाकात की और उन्होंने मेरा पार्टी में आने का स्वागत किया। मुझे विश्वास है कि उनका साथ आगे भी ऐसे ही मिलता रहेगा।

कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि मानवेंद्र का पार्टी में शामिल होना एक अच्छा कदम है। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। मानवेंद्र ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और फिर कांग्रेस मुख्यालय में आकर पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। मानवेंद्र सिंह ने कुछ दिन पहले ही भाजपा छोड़ने का ऐलान किया था।

विधायक मानवेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री जयवंत सिंह के बेटे हैं। 2004 में वह बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबियों में रहे जसवंत सिंह भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे हैं। पर 2014 के चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला। पिछले चुनाव में भाजपा ने बाड़मेर से कर्नल सोनाराम चौधरी को मैदान में उतारा था। इसके बावजूद जसवंत सिंह निर्दलीय चुनाव लड़े थे पर हार गए थे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।