AUS v IND Live: कप्तान पैन-हेड ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभालने में जुटे, स्कोर 150 रन के पार
(India) टीम इंडिया द्वारा शनिवार को तीसरे टेस्ट के चौथे दिन मिले 399 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है।
समाचार लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 47 ओवर में पांच विकेट खोकर 153 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड 32* और कप्तान टिम पैन 13* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। मेजबान टीम को जीतने के लिए 246 रन की जरूरत है जबकि उसके 5 विकेट शेष हैं।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत पहली पारी के हीरो जसप्रीत बुमराह ने बिगाड़ी। बुमराह ने कंगारू ओपनर आरोन फिंच (3) को कप्तान विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया। जल्द ही रवींद्र जडेजा ने मार्कस हैरिस (13) को शॉर्ट लेग पर मयंक अग्रवाल के हाथों कैच आउट कराया। मयंक ने अच्छा कैच लपका।

लंच के बाद मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया को तीसरी सफलता दिलाई। उन्होंने क्रीज पर जम चुके उस्मान ख्वाजा (33) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद शॉन मार्श (44) और ट्रेविस हेड ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभालने में जुटे।
इसके बाद जडेजा ने मिचेल मार्श (10) को अपनी फिरकी के जाल में उलझाया। उन्होंने मार्श से ड्राइव लगवाई और कवर्स पर कप्तान कोहली ने आसान कैच लपका।

इससे पहले टीम इंडिया ने मेलबर्न में जारी बॉक्सिंग-डे टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी 37.3 ओवर में 8 विकेट पर 106 रन के स्कोर पर घोषित की। भारतीय टीम को पहली पारी में 292 रन की बढ़त हासिल थी, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट जीतने के लिए 399 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला।

टीम इंडिया की तरफ से मयंक अग्रवाल (42) सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस ने घातक गेंदबाजी करते हुए 11 ओवर में तीन मेडन सहित 27 रन देकर 6 विकेट लिए।

टीम इंडिया ने चौथे दिन अपनी पारी 5 विकेट पर 54 रन से आगे बढ़ाई। मयंक अग्रवाल और ऋषभ पंत (33) ने सधी हुई शुरुआत की। दोनों ने स्कोर को 83 रन पर पहुंचाया था कि तभी कमिंस ने मयंक को क्लीन बोल्ड करके अपना पांचवां शिकार किया। अपना पहला टेस्ट खेल रहे मयंक ने 102 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।