सेल्स रिपोर्ट 2018 / दिसंबर में किसी भी कंपनी की कार बिक्री 5% नहीं बढ़ सकी
(India) तमाम ऑफर्स के बावजूद 2018 का आखिरी महीना ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए सुस्त रहा। यात्री वाहन बनाने वाली किसी भी कंपनी की बिक्री घरेलू बाजार में 5% भी नहीं बढ़ सकी। हुंडई ने सबसे ज्यादा 4.6% ग्रोथ दर्ज की है। देश की सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल कंपनी मारुति सुजुकी ने दिसंबर में 1.21 लाख वाहन बेचे। यह दिसंबर 2017 से सिर्फ 1.8% ज्यादा है। महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री तो घट गई है।
ऑटोमोबाइल कंपनियों के संगठन सियाम के अनुसार त्योहारों के बावजूद यात्री वाहनों की बिक्री अक्टूबर में सिर्फ 1.55% बढ़ी थी। नवंबर में इसमें 3.43% गिरावट आई थी। जनवरी से सभी कार कंपनियों ने दाम बढ़ाने की घोषणा पहले ही कर रखी है। मारुति की छोटी कारें, अल्टो और वैगन-आर की बिक्री घरेलू बाजार में 14% घट गई। कॉम्पैक्ट सेगमेंट में स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर में 3.8% गिरावट आई। हालांकि सियाज की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई। इसमें 98.7% ग्रोथ है।
यूटिलिटी सेगमेंट में विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और अर्टिगा में 4.9% ग्रोथ दर्ज हुई है। सभी यात्री वाहनों की बिक्री सिर्फ 1% बढ़ी है। मारुति का निर्यात 36.4% घट गया है। यह 10,780 की तुलना में 6,859 रह गया। घरेलू बाजार और निर्यात मिलाकर कुल बिक्री में 1.3% गिरावट आई है।



होंडा कार्स की घरेलू बिक्री 4% बढ़ी है। कंपनी के सीनियर वीपी राजेश गोयल ने कहा, दिसंबर में भी बाजार चुनौतीपूर्ण बना रहा। लेकिन ईयर-एंड ऑफर के चलते हमारे कुछ मॉडल ने अच्छी ग्रोथ दर्ज की। सिर्फ एक फीसदी ग्रोथ दर्ज करने वाले टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट के प्रेसिडेंट मयंक पारीख ने कहा कि दिसंबर पूरी ऑटो इंडस्ट्री के लिए सुस्त रहा। महिंद्रा के प्रेसिटेंड राजन वढेरा के अनुसार इसकी वजह नकदी की किल्लत और खराब सेंटिमेंट है। उन्होंने मार्च तिमाही में ग्रामीण इलाकों से मांग निकलने की उम्मीद जताई। फरवरी में लांच होने वाले एक्सयूवी-300 से भी कंपनी को काफी उम्मीदें हैं।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।