कमलनाथ पर आपत्तिजनक बयान देकर फंसा सरकारी स्कूल का टीचर, निलंबित
(India) भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को डाकू कहना सरकारी स्कूल के हेडमास्टर को काफी महंगा पड़ा है। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद हेडमास्टर साहब को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर छवि भारद्वाज ने शासकीय कनिष्ठ बुनियादी प्राथमिक शाला जबलपुर के हेडमास्टर मुकेश तिवारी को निलंबित करने को आदेश दिया और तुरंत इसका पालन करने का भी निर्देश जारी किया।

कांग्रेस ने की थी कार्रवाई की मांग
बता दें पिछले सप्ताह जबलपुर के सरकारी स्कूल के हेडमास्टर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे राज्य के मुख्यमंत्री को डाकू कहते नजर आए थे। इस वीडियो पर खूब बवाल मचा था। कांग्रेस ने इसको लेकर हेडमास्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। हेडमास्टर के खिलाफ कांग्रेस नेता ने पुलिस में शिकायत भी की थी। इसपर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया है।

पूरा मामला क्या है

पिछले सप्ताह शासकीय कनिष्ठ बुनियादी प्राथमिक शाला जबलपुर के हेडमास्टर मुकेश तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें वह करते दिखाई दे रहे दिए कि शिवराज सिंह हमारे हैं और कमलनाथ डाकू हैं। इसपर कांग्रेस भड़क गई और मामले ने तूल पकड़ ली। इस मामले में अपनी शिकायत लेकर कांग्रेस कलेक्टर के पास पहुंची और मांग की कि मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह का बात करने वाले हेडमास्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने यह चेतावनी भी दी थी कि अगर हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, तो पार्टी अपने स्तर पर प्रयास करेगी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।