धौनी ने 100 से भी औसत से बनाए रन
तीन वनडे मैचों की सीरीज़ के दो मैच के बाद धौनी का औसत 100 से ज़्यादा का है। धौनी ने इस सीरीज में 106.00 की औसत से रन बनाए हैं। उन्होंने पहले वनडे में 51 रन बनाए थे तो दूसरे में नाबाद 55 रन की पारी खेली। वहीं रोहित शर्मा ने सिडनी में खेले गए पहले मैच में शतक जड़ा था और कोहली ने एडिलेड में खेले गए दूसरे मैच में शतकीय पारी खेलते हुए 104 रन बनाए थे, लेकिन फिर भी इन दोनों का औसत धौनी से कम है। रोहित ने पहले दो मैच में 97.23 की औसत से रन बनाए तो कोहली का औसत 89.16 का रहा।
धौनी ने लगाए दो अर्धशतक
धौनी ने मौजूदा वनडे सीरीज़ के पहले दोनों मैचों में अर्धशतक जड़े हैं। सिडनी में खेले गए पहले मैच में उन्होंने धीमी पारी खेलते हुए अर्धशतक लगाया था। उस धीमे अर्धशतक की वजह से उनकी काफी आलोचना भी हुई थी, हालांकि वो पारी स्थिति की डिमांड थी। दूसरे मैच में उन्होंने एक बार फिर से 54 गेंदों में 55 रन की पारी खेलते हुए न सिर्फ मैच फिनिश किया बल्कि भारत को जीत भी दिलाई। तीसरे मैच में धौनी को ऑस्ट्रेलिया में अपने एक हज़ार वनडे रन पूरे करने के लिए सिर्फ 34 रन की दरकार है।
टीम इंडिया रच सकती है इतिहास
ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में पहला वनडे 34 रन से जीता था, जबकि भारत ने एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मैच को छह विकेट से अपने नाम किया था। इस तरह तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है। भारतीय टीम वनडे प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया में सिर्फ दो सीरीज 1985 में विश्व क्रिकेट चैंपियनशिप और 2008 में सीबी सीरीज अपने नाम करने में सफल रही है, लेकिन उसने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर कभी भी कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।