यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ आज करेंगे एक्वा लाइन का उद्घाटन: नोएडा
(India) नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की एक्वा लाइन मेट्रो का उद्घाटन शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन से किया जाएगा। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर मुसाफिर एक्वा लाइन में सफर का आनंद ले सकेंगे। इस मेट्रो रूट के शुरू होने के साथ नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच की दूरी सिमट जाएगी। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण की 1449.61 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी किया जाएगा। प्राधिकरण, एनएमआरसी व प्रशासनिक अमले ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी पूरी कर ली है।

मेट्रो संचालन के बाद यह एनसीआर का सबसे लंबा ट्रैक बन जाएगा। 29.707 किलोमीटर लंबे रूट पर कुल 21 मेट्रो स्टेशन है। 17 मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शुरुआत के एक साल इसका संचालन डीएमआरसी द्वारा किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस से मुसाफिर मेट्रो में सफर की शुरुआत कर सकेंगे
पहले दिन सुबह 10.30 से शाम पांच बजे तक मेट्रो चलेगी। इसके बाद अगले दिन रविवार को सुबह 8 से रात 10 बजे तक चलेगी। शेष दिन सुबह 6 से रात 10 बजे तक मेट्रो का संचालन किया जाएगा। वहीं पार्किंग सुबह छह से रात 12 बजे तक होगी। पहले चरण में यहां 12 मेट्रो चलाई जाएंगी।
इस लाइन पर प्रत्येक 15-15 मिनट पर मेट्रो सेवा मिलती रहेगी। वर्तमान में सेक्टर-51 की डीएमआरसी के सेक्टर-71 मेट्रो स्टेशन से कनेक्टिविटी नहीं होने से मुसाफिरों को थोड़ी निराशा जरूर होगी लेकिन मार्च तक ब्लू व एक्वा लाइन को एक कॉरिडोर के जरिये जोड़ दिया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा में 100 एकड़ में बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर
उत्तर प्रदेश के नोएडा-ग्रेटर नोएडा को इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में सरकार शुक्रवार को बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 100 एकड़ में 115.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर का शिलान्यास करेंगे। इसमें देश-विदेश की कंपनियों की तरफ से 3,500 करोड़ रुपये का निवेश आने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इससे प्रत्यक्ष तौर पर 30 हजार और परोक्ष रूप से एक लाख नौकरियों के अवसर उत्पन्न होंगे।

पहला ग्रीनफील्ड क्लस्टर
प्रदेश में लगने वाला यह पहला ग्रीनफील्ड (नए सिरे से स्थापित होने वाला) इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर होगा जिसमें सात औद्योगिक प्लाट होंगे। इस परियोजना को लगाने के लिए एक स्पेशल परपस व्हीकल टेगना इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड का गठन किया गया है जिसमें चीन की मोबाइल हैंडसेट निर्माता ओप्पो भी शामिल है। इस परियोजना को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रलय की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर स्कीम के तहत मंजूरी मिली है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।