कमलनाथ :मनरेगा की तर्ज पर शहरी गरीब युवाओं को 100 दिनों का रोजगार देंगे
(India) भोपाल, नईदुनिया। गणतंत्र दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मनरेगा की तर्ज पर शहरी गरीब युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। छिंदवाड़ा में झंडा फहराने के बाद कमलनाथ ने कहा कि शहरी क्षेत्र के गरीब युवाओं को अस्थायी रोजगार देने के लिए युवा स्वाभिमान योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत शहरी क्षेत्र के गरीब युवाओं को एक साल में 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

कमलनाथ ने कहा कि रोजगार के दौरान युवाओं को उनके पसंद के क्षेत्र में कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना में 10 फरवरी से युवाओं का रजिस्ट्रेशन शुरू होगा और फरवरी में ही रोजगार व कौशल विकास का प्रशिक्षण देने का काम शुरू हो जाएगा।

बुजुर्गों, दिव्यांगों और कल्याणियों की पेंशन दोगुनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत बुजुर्गों, दिव्यांगों और कल्याणियों को मिलने वाली पेंशन भी दोगुनी होगी। अब इन्हें 300 रुपये की जगह 600 रुपये महीना पेंशन दी जाएगी। कमलनाथ ने कहा कि धीरे-धीरे पेंशन बढ़ाकर एक हजार रुपये महीना कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने वचन पत्र में यह वादा किया था। मुख्यमंत्री ने अगले तेंदूपत्ता सीजन से तेंदूपत्ता मजदूरी और बोनस का नकद भुगतान करने की घोषणा की। तेंदूपत्ता की मजदूरी दर भी 2000 रुपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रति मानक बोरा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवारा पशुओं के लिए गोशाला खोलने की योजना को फरवरी में अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार ऐसी योजनाओं को बदलेगी या समाप्त करेगी, जो आम लोगों के लिए अब जरूरी नहीं रह गई हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।