दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने मैच के बाद अपना गुस्सा पिच पर निकाला
(DELHI, India) इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन में गुरुवार (4 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने मैच के बाद अपना गुस्सा पिच पर निकाला। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की धीमी पिच की उम्मीद नहीं थी और फिरोजशाह कोटला की इस पिच ने उन्हें काफी हैरान किया।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी (21 रन पर दो विकेट), भुवनेश्वर कुमार (27 रन पर दो विकेट) और सिद्धार्थ कौल (35 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 129 रन ही बना सकी। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम ने नौ गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 131 रन बनाकर जीत दर्ज की। पोंटिंग ने मैच के बाद माना कि विरोधी टीम के गेंदबाजों ने इस पिच पर काफी बेहतर गेंदबाजी की। वो हालांकि इस तरह की पिच को देखकर हैरान भी थे।
पोंटिंग ने मैच के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि इस पिच पर उन्होंने काफी समझदारी से गेंदबाजी की। ये कहना उचित होगा कि इस विकेट ने हमें काफी हैरान किया। मैच से पहले मैदानकर्मियों से बात की थी तो उन्होंने उम्मीद जताई थी कि यह अब तक हुए तीन मैचों में बेस्ट पिच होगी लेकिन गेंद नीची रह रही थी और स्पिन हो रही थी।' उन्होंने कहा, 'इन हालात के लिए उनके (सनराइजर्स हैदराबाद) पास काफी कुशल गेंदबाज हैं। मोहम्मद नबी ने पावर प्ले में उनके लिए अच्छा प्रदर्शन किया। हमें पता है कि इस विकेट पर अच्छी शुरुआत की जरूरत है लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। इससे भी बदतर हुआ कि हमने काफी कैच छोड़ दिए। अगर हम कैच पकड़ लेते तो शायद चीजें अलग होती।'

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।