पाकिस्तानी पीएम इमरान खान ने फोन पर दी जीत की दी बधाई, मोदी बोले- आतंकमुक्त माहौल जरूरी
(India) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर फिर से सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके बधाई दी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि लोगों की भलाई के लिए दोनों ही देश मिलकर काम करेंगे। जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने इमरान से कहा कि क्षेत्र की शांति और समृद्धि के लिए हिंसामुक्त और आतंकमुक्त माहौल बेहद जरूरी है। फरवरी में पुलवामा आत्मघाती हमले और उसके बाद पाकिस्तान के बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े आतंकी कैंप पर इंडियन एयरफोर्स की स्ट्राइक के बाद पहली बार दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने फोन पर बात की है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने रविवार को बताया कि इमरान खान ने पीएम मोदी से फोन पर बात कर उन्हें चुनाव में जीत की बधाई दी है। फैसल ने ट्वीट किया, 'पीएम (इमरान) ने आज पीएम मोदी से बात की और भारत के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी की जीत पर उन्हें बधाई दी। पीएम ने लोगों की भलाई के लिए दोनों देशों द्वारा साथ मिलकर काम करने की अपनी इच्छा जाहिर की।'
फैसल ने आगे लिखा, 'दक्षिण एशिया में शांति, विकास और समृद्धि के अपने विजन पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री (इमरान) ने कहा कि वह इन उद्देश्यों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने के इच्छुक है।'

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।