दुबई-तेल अवीव फ्लाईदुबई फ्लाइट में हड़कंप, विमान को क्रैश करने की कोशिश का दावा, सऊदी अरब में हुई लैंडिंग
(India) बुधवार सुबह दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में एक यात्री द्वारा विमान को क्रैश करने की कोशिश किए जाने का दावा सामने आया है।

द टाइम्स ऑफ इजराइल के एक पत्रकार के अनुसार, दूसरे पायलट और कुछ यात्रियों के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद स्थिति को काबू में कर लिया गया। विमान से हाईजैक से संबंधित इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए, जिससे इजराइल में हड़कंप मच गया।

मीडिया हायोम के अनुसार, घटना के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अधिकारियों के साथ मामले पर चर्चा की और फ्लाइट पर नजर बनाए रखी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इजराइल ने वायु सेना के लड़ाकू विमान भी भेजे। इसके बाद विमान ने रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

फ्लाईदुबई ने स्पष्ट किया है कि इजराइली यात्रियों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, तेल अवीव जा रही फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें करीब 150 यात्री इजराइली नागरिक थे। फ्लाइट से पहले इमरजेंसी कोड 7700 भेजा गया, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत है। इसके तुरंत बाद 7500 कोड भेजा गया, जो विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप या हाईजैक की स्थिति का संकेत देता है।

इजराइल के चैनल 14 ने बताया कि एक पायलट ने कथित तौर पर खुदकुशी करने की कोशिश की और विमान को मैक 1 से तेज रफ्तार से नीचे ले गया। बताया गया है कि दूसरे पायलट ने काफी संघर्ष के बाद विमान का नियंत्रण हासिल किया।

एक यात्री ने बताया, आज तो हम क्रैश होने वाले थे या हमारी हत्या होने वाली थी। यह किसी आतंकी हमले से कम नहीं था।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और इजराइली यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।