PM नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आज जवाब देंगे
(DELHI, DELHI) लोकसभा में मंगलवार को भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम को लोकसभा राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देंगे। आपको बता दें कि अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया, हालांकि बाद उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि हिंदी अच्छी नहीं होने के कारण वह ऐसा बोल बैठे।
इससे पहले, केंद्रीय पशुपालन राज्य मंत्री प्रताप चंद सारंगी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले पांच साल के कार्यकाल में किये गये कामकाज की सफलता को स्वीकार कर उनका अभिनंदन करना चाहिए और खुद को जनता द्वारा नकार दिये जाने पर आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।
ओडिशा से पहली बार लोकसभा में पहुंचे सारंगी ने कहा कि जो वंदे मातरम को नहीं मानते क्या उन्हें भारत में रहने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि देश में 'टुकड़े-टुकड़े गैंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एनडीए सरकार को ''ऊंची दुकान फीके पकवान करार देते हुए विपक्ष ने लोकसभा में सोमवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'बड़े सेल्समैन हैं तथा राजग सरकार को अपनी प्रशंसा सुनने का ''नशा है, वहीं केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद सारंगी ने कहा कि विपक्ष को जनादेश को स्वीकार करना चाहिए।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।