राज्य के नए अध्यक्ष पर नेताओं से सीडब्ल्यूसी में ली जाएगी सलाह, सोनिया-राहुल रहेंगे बाहर
(DELHI, DELHI) कांग्रेस पार्टी के अगले अध्यक्ष के चयन को लेकर राज्य के नेताओं से सलाह मशविरे के दौरान शनिवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने अलग रहने का फैसला किया है।

इससे पहले, पार्टी की सर्वोच्च निर्धारक ईकाई- कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सुबह यह फैसला किया गया कि देश के अलग क्षेत्रों को पांच ग्रुप में बांटकर वहां के नेताओं से इस बारे में सलाह ली जाएगी।

लेकिन, सीडब्ल्यूसी की बैठक के फौरन बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय से यह कहते हुए बाहर निकल गए कि वे सलाह-मशविरा प्रक्रिया का हिस्सा नहीं होंगे। सोनिया गांधी ने कहा- “सलाह-मशविरा (अगले अध्यक्ष पर) की प्रक्रिया चल रही है और वास्तविक तौर पर मैं और राहुल जी इसका हिस्सा नहीं हो सकते हैं।”

राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के बाद इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मई महीने में अध्यक्ष पद से इस्तीफे दे दिया था।
सीडब्ल्यूसी की बैठक से एक दिन पहले राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर अगले कुछ दिनों के भीतर निर्णय हो जाएगा। माना जा रहा है कि आज की सीडब्ल्यूसी की बैठक में नए अध्यक्ष के चयन के लिए किसी पैनल अथवा व्यवस्था पर निर्णय होगा।

पार्टी के नये अध्यक्ष को लेकर मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत और सुशील कुमार शिंदे सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नामों की चर्चा है।

दरअसल, राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद से बनी असमंजस की स्थिति और नेतृत्व के संकट को खत्म करने की कोशिश करते हुए कांग्रेस ने सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलायी है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।