(MAHARASHTRA, MAHARASHTRA)
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद पर जारी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना है. बुधवार को महाराष्ट्र विधान भवन में बीजेपी के विधायक दल की बैठक हुई, इस बैठक में महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल और वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुने जाने का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वमत से पारित किया गया. दिल्ली से पर्यवेक्षक बन महाराष्ट्र पहुंचे नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा शिवसेना से बात कर रही है, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही बनेंगे.भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह पीएम मोदी और अमित शाह का शुक्रिया अदा करते हैं. 2014 और 2019 में हमने फ्रंटफुट पर चुनाव लड़ा और जीता भी. उन्होंने कहा कि जो भी अफवाहें हैं उनपर ध्यान नहीं देना चाहिए, भाजपा और शिवसेना मिलकर सरकार बनाएंगे. शिवसेना की कुछ डिमांड हैं, उन्हें सुलझा लिया जाएगा.फडणवीस ने अपने भाषण में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे का भी शुक्रिया अदा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार हमने कुछ निर्दलीयों का भी समर्थन लिया है.बुधवार को हुई इस बैठक में भाजपा के सभी विधायक भगवा पगड़ी बांध कर पहुंचे, जहां देवेंद्र फडणवीस का जबरदस्त स्वागत किया गया. केंद्रीय आलाकमान की ओर से नरेंद्र सिंह तोमर, अविनाश राय खन्ना को पर्यवेक्षक बनाया गया है, जो विधायक दल की बैठक में मौजूद रहे.
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।