राजस्थान के कई इलाकों में जमकर हुई बारिश,तापमान गिरने से ठंडक भी बड़ी
(Jaipur, Jaipur) राजस्थान में बढ़ी ठंडक जयपुर के कोटपूतली में बारिश से मौसम ठंडा हो गया। कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में सुबह 9.30 से बरसात शुरू हुई जो दोपहर तक जारी रहा। यहां रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। अचानक आए मौसम में बदलाव ने लोगों को सर्दी का अहसास करा दिया। रविवार की छुट्टी होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे तो कुछ अलाव तापते भी नजर आए। बरसात से दिनचर्या भी प्रभावित हो गई।
माउंटआबू में शनिवार रात बरसात से ठंड बढ़ गई। पर्यटकों को भी बारिश से खासी परेशानी हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर बिजली गरजने के साथ बरसात हो सकती है। राजस्थान में सुबह आठ बजे तक माउंट आबू में 9.4, पिलानी में 6.0, कोटा में 6.5, सीकर में 1.0, डबोक में 2.8, जैसलमेर में 6.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार रात राज्य में सबसे कम तापमान माउंटआबू में 14 डिग्री सेल्सियस रहा। पिलानी में 17.6, सीकर में 15.5, अलवर में 16.6 तो राजधानी जयपुर में तापमान 20.8 डिग्री रहा। प्रदेश के तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आई है।मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन में हवा घूमती है और घूमकर चक्रवात की तरफ जाती है। यह हवा समुद्र से धरती की तरफ नमी लेकर आती है। इससे गरज-चमक वाले बादल बनते हैं और बिजली गिरने या चमकने के साथ बारिश होती है। तूफान तीन-चार दिन बाद गुजरात पहुंचेगा। इसलिए गुजरात से सटे उज्जैन, इंदौर एवं इनसे सटे भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर में बारिश होने का अनुमान है। इस सीजन में फ्रीजिंग लेवल यानी जमाव बिंदु जमीन से करीब साढ़े चार किमी ऊंचाई पर रहता है, इसलिए इस लेवल के बादल से होने वाली बारिश के दौरान ओले भी गिरने लगते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।