सुप्रीम कोर्ट पहुंचा महाराष्ट्र का महाभारत, शिवसेना-NCP-कांग्रेस की याचिका पर आज सुनवाई
(MAHARASHTRA, MAHARASHTRA) महाराष्ट्र में शनिवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला, जब देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के भतीजे अजित पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया.महाराष्ट्र में सरकार गठन के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के फैसले के खिलाफ शिवसेना एनसीपी और कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है. इस याचिका में बीजेपी सरकार को बर्खास्त करते हुए 24 घंटे के भीतर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की गई है.याचिका में इस बात का दावा किया गया है कि संख्याबल के आधार पर शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस सबसे बड़ा दल था और उन्हें ही सरकार बनाने का पहला मौका मिलना चाहिए था. सुप्रीम कोर्ट इस अर्जी पर रविवार सुबह 11:30 बजे सुनवाई करेगा. सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एनवी रमन्ना, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस संजीव खन्ना की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी.शिवसेना ने कहा कि कांग्रेस, एनसीपी और हमारा गठबंधन सबसे बड़ा है. शिवसेना के विधायकों से उद्धव ठाकरे ने कहा है- 'कोई हिम्मत न हारे, हम ही बनाएंगे सरकार.' उधर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भी कहा- 'हमें भरोसा है कि हम इस चोरी-चुके बनी सरकार को जल्द ही गिरा देंगे. हमने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में जल्द से जल्द करने की गुहार लगाई है.शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस के वकील देवदत्त कामत ने बताया- पिटीशन दाखिल की जा चुकी है. हमने देवेंद्र फड़नवीस को सीएम नियुक्त किए जाने को गैरकानूनी करार देते हुए महाराष्ट्र में कल ही फ्लोर टेस्ट की मांग की है. हमने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट पूरे मामले में दखल दे और 24 घंटे के भीतर कर्नाटक की तरह ही फ्लोर टेस्ट करवाए.
'शिवसेना- कांग्रेस- एनसीपी राजनीतिक और कानूनी मोर्चे पर लड़ाई लड़ेंगे-
अहमद पटेल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने शनिवार को कहा कि देवेन्द्र फड़णवीस ने जिस 'गुपचुप' तरीके से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद और राकांपा के अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उसे राज्य के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य में शिवसेना, एनसीपी और उनकी पार्टी की सरकार बनेगी.अहमद पटेल (Ahmed Patel) ने इन आरोपों को भी खारिज कर दिया है कि राज्य में शिवसेना और राकांपा के साथ मिलकर सरकार बनाने में कांग्रेस ने देर की. अहमद पटेल ने कहा कि शिवसेना- कांग्रेस- एनसीपी गठबंधन विधानसभा में बहुमत साबित करने के दौरान बीजेपी को हराएगा और तीनों दलों के गठबंधन की सरकार बनेगी. तीनों दल राजनीतिक और कानूनी मोर्चे पर लड़ाई लड़ेंगे. पटेल के साथ कांग्रेस महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे और के सी वेणुगोपाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, राज्य कांग्रेस के प्रमुख बाला साहेब थोराट एवं अन्य नेता भी मौजूद थे.

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।