विलिमयसन और टेलर की सेंचुरी के बाद दूसरा टेस्ट हुआ ड्रॉ, न्यूजीलैंड ने 1-0 से जीती सीरीज
(India) इंग्लैंड क्रिकेट टीम इन दिनों न्यूजीलैंड दौरे पर है। दोनों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला गया। मैच के आखिरी दिन न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन और सीनियर बल्लेबाज रोस टेलर ने सेंचुरी ठोकी और अंत में मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 241 रन बनाए थे, जब मैच ड्रॉ हुआ। इससे पहले मेजबान न्यूजीलैंड ने पहला टेस्ट मैच जीता था और इस तरह से सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। विलियमसन 104 और टेलर 105 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 375 रन बनाए थे। पहली पारी में टॉम लाथम ने 105, डेरिल मिशेल ने 73, बीजे वाटलिंग ने 55 और रोस टेलर ने 53 रनों की पारी खेली। स्टुअर्ट ब्रॉड ने चार और क्रिस वोक्स ने तीन विकेट लिए। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में 476 रन बनाए। कप्तान जो रूट ने 226 रन बनाए। इसके अलावा रोरी बर्न्स ने 101 रनों की पारी खेली। 101 रन की बढ़त मिलने के बाद इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में दो झटके जल्दी दे दिए।

न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 28 रनों तक टॉम लाथम और जीत रावल के विकेट गंवा दिए, हालांकि इसके बाद विलियमसन और टेलर ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया और मैच आखिरकार ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस सीरीज का आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट टेबल पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि ये सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत आती ही नहीं है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।